पड़ोसियों की नजर में परफेक्ट कपल, घर के अंदर खूनी खेल; अमेरिका में भारतीय महिला की हत्या का सनसनीखेज सच
जॉर्जिया के कॉब काउंटी स्थित स्मर्ना शहर में हुई। पुलिस को मंगलवार रात गोलीबारी की सूचना मिली, जिसके बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान पुलिस को घर के अंदर 57 वर्षीय शीतल रेजियन गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिलीं।
New Delhi: अमेरिका के जॉर्जिया राज्य में भारतीय मूल की एक महिला की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में महिला का बेटा भी घायल हुआ है। पुलिस ने महिला के पति को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
घर में मिली महिला की लाश
जानकारी के अनुसार, यह घटना जॉर्जिया के कॉब काउंटी स्थित स्मर्ना शहर में हुई। पुलिस को मंगलवार रात गोलीबारी की सूचना मिली, जिसके बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान पुलिस को घर के अंदर 57 वर्षीय शीतल रेजियन गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिलीं। उन्हें गोली लगी थी और बाद में उनकी मौत हो गई। वहीं, घर के बाहर उनका 23 वर्षीय बेटा जेसन रेजियन घायल अवस्था में मिला, जिसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
यहां भी पढ़ें: New Delhi: पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई, चाइल्ड ट्रैफिकिंग सिंडिकेट नेटवर्क का हुआ पर्दाफाश
पति को मौके से किया गया गिरफ्तार
पुलिस ने घटनास्थल से ही 56 वर्षीय किर्क बी. रेजियन को हिरासत में ले लिया। शुरुआती जांच में उसकी पहचान मृतका के पति और घायल युवक के पिता के रूप में हुई। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी को कॉब काउंटी एडल्ट डिटेंशन सेंटर में रखा गया है और फिलहाल उसे जमानत नहीं दी गई है।
आरोपी पर लगे कई गंभीर आरोप
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या, गंभीर हमले और अपराध के दौरान हथियार इस्तेमाल करने समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने इस घटना को घरेलू हिंसा से जुड़ा मामला बताया है। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि घटना के पीछे की वजह क्या थी।
पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद पुलिस ने इलाके को घेरकर कई घंटों तक जांच की। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से सबूत जुटाए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है। पुलिस ने फिलहाल किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता की पुष्टि नहीं की है और न ही घटना के पीछे किसी संभावित कारण का खुलासा किया है।
यहां भी पढ़ें: New Delhi: उस्मानपुर में खून और गोलियों का खेल, नाबालिग की हत्या के बाद बच्चा भी बना शिकार
घटना से पड़ोसी भी हैरान
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह घटना उनके लिए बेहद चौंकाने वाली है। पड़ोसियों के अनुसार, परिवार लंबे समय से इलाके में रह रहा था और सामान्य जीवन जी रहा था। कुछ लोगों ने बताया कि आरोपी को अक्सर घर के बाहर काम करते देखा जाता था और वह मिलनसार स्वभाव का माना जाता था। ऐसे में इस घटना ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है।
जांच जारी
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सकेगी। वहीं, घायल बेटे का अस्पताल में इलाज चल रहा है।