दिनदहाड़े मोबाइल छीनकर फरार होने वाले दो शातिर बदमाशों को पुलिस ने किया गिरफ्तार, 5 मोबाइल और एक्टिवा की बरामद

इंदौर में लगातार बढ़ रही मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं के बीच कनाड़िया थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। दरअसल पुलिस ने दो ऐसे आरोपियों को गिरफ्तार किया है जो सड़क पर चलते लोगों खासकर महिलाओं को निशाना बनाकर मोबाइल छीनकर फरार हो जाते थे। वहीं दोनों के पास से पांच मोबाइल फोन और एक

Jul 12, 2026 - 22:30
दिनदहाड़े मोबाइल छीनकर फरार होने वाले दो शातिर बदमाशों को पुलिस ने किया गिरफ्तार, 5 मोबाइल और एक्टिवा की बरामद

इंदौर में लगातार बढ़ रही मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं के बीच कनाड़िया थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। दरअसल पुलिस ने दो ऐसे आरोपियों को गिरफ्तार किया है जो सड़क पर चलते लोगों खासकर महिलाओं को निशाना बनाकर मोबाइल छीनकर फरार हो जाते थे। वहीं दोनों के पास से पांच मोबाइल फोन और एक एक्टिवा स्कूटी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार जब्त सामान की कुल कीमत करीब ढाई लाख रुपये है।

वहीं पूछताछ में आरोपियों ने शहर के कई इलाकों में मोबाइल छीनने की वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की है। फिलहाल पुलिस दोनों से यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वे अब तक कितनी घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं और चोरी के मोबाइल किस नेटवर्क के जरिए बेचते थे।

मुखबिर की सूचना से मोबाइल स्नैचिंग केस सुलझा

दरअसल पुलिस के मुताबिक 7 जुलाई को एक महिला छोटा राजबाड़ा प्रतिमा के पास ऑटो का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान एक्टिवा पर आए दो युवकों ने उनके हाथ से मोबाइल झपट लिया और मौके से फरार हो गए। शिकायत मिलने के बाद कनाड़िया थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी सहर्ष यादव के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई, जिसने घटनास्थल और आसपास के कई CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। वहीं फुटेज में एक आरोपी लाल रंग की हुडी और दूसरा सफेद टी-शर्ट में दिखाई दिया।

इसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच, संदिग्धों की गतिविधियों और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर मयूर नगर और मुसाखेड़ी इलाके में दबिश दी। यहां से सन्नी टुटेजा और अजय बानखेड़े को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी मध्य प्रदेश के अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं और इंदौर में रहकर वारदातों को अंजाम दे रहे थे। गिरफ्तारी के दौरान उनके पास से लूटे गए मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल एक्टिवा भी बरामद कर ली गई।

पूरे स्नैचिंग नेटवर्क की जांच कर रही पुलिस

वहीं गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी मोबाइल छीनने के बाद उन्हें कम कीमत पर बेचने की तैयारी में रहते थे। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इनके संपर्क में कौन-कौन लोग थे और चोरी के मोबाइल किन लोगों तक पहुंचाए जाते थे। इसके अलावा शहर के अन्य थाना क्षेत्रों में दर्ज मोबाइल स्नैचिंग के मामलों से भी इनका रिकॉर्ड मिलाया जा रहा है।

इंदौर से शकील अंसारी की रिपोर्ट