आखिर क्यों इंदौर की सड़कों पर उतरी जनता? शहर में लगा लंबा जाम

इंदौर में इस समय भीषण जल संकट लोगों की सबसे बड़ी परेशानी बन गया है। कई कॉलोनियों में पानी की सप्लाई लगातार कम हो रही है, जबकि कुछ इलाकों में लोगों को चार-चार दिन तक पानी का इंतजार करना पड़ रहा है। गर्मी बढ़ने के साथ हालात और खराब होते जा रहे हैं। अब जनता

May 23, 2026 - 14:30
आखिर क्यों इंदौर की सड़कों पर उतरी जनता? शहर में लगा लंबा जाम

इंदौर में इस समय भीषण जल संकट लोगों की सबसे बड़ी परेशानी बन गया है। कई कॉलोनियों में पानी की सप्लाई लगातार कम हो रही है, जबकि कुछ इलाकों में लोगों को चार-चार दिन तक पानी का इंतजार करना पड़ रहा है। गर्मी बढ़ने के साथ हालात और खराब होते जा रहे हैं। अब जनता का गुस्सा भी सड़कों पर दिखाई देने लगा है।

कई इलाकों में पानी की समस्या को लेकर बड़ा हंगामा देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने कांग्रेस पार्षदों के साथ मिलकर चौराहे पर धरना दिया और चक्काजाम कर दिया। लोगों का आरोप है कि नगर निगम शहर में बराबरी से पानी नहीं बांट रहा और कुछ इलाकों के साथ भेदभाव किया जा रहा है। स्थिति इतनी बिगड़ी कि पुलिस और निगम अधिकारियों को मौके पर पहुंचना पड़ा।

गौरी नगर में जल संकट को लेकर सड़क पर उतरे लोग

गौरी नगर में पानी की भारी किल्लत को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। कांग्रेस पार्षद यशस्वी पटेल और राजू भदौरिया के साथ सैकड़ों रहवासियों ने सड़क पर उतरकर चक्काजाम किया। लोगों का आरोप है कि इलाके में कई दिनों से पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा, जबकि निगम 645 टैंकर चलाने का दावा कर रहा है। करीब दो घंटे तक सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही।

टंकियों में कम हो रही पानी की सप्लाई

पार्षद राजू भदौरिया ने आरोप लगाया कि वीणा नगर की पानी टंकी पहले पांच मीटर तक भरी जाती थी, लेकिन पिछले एक महीने से इसे सिर्फ तीन या साढ़े तीन मीटर तक ही भरा जा रहा है। इसका सीधा असर आसपास के तीन वार्डों पर पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि वार्ड 20, 21 और 22 में पानी की सप्लाई इसी टंकी से होती है। टंकी पूरी नहीं भरने के कारण लोगों के घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा। कई परिवारों को पीने के पानी के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है। लोगों का यह भी आरोप है कि पानी वितरण व्यवस्था की सही निगरानी नहीं हो रही। कई जगहों पर टैंकर खाली लौट रहे हैं, जबकि लोग घंटों लाइन में खड़े रहते हैं।

भाजपा और कांग्रेस पार्षदों में बढ़ा विवाद

इंदौर जल संकट अब राजनीतिक रूप भी लेता दिख रहा है। सिर्फ कांग्रेस ही नहीं, भाजपा पार्षद भी नगर निगम की व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। भाजपा पार्षद लालबहादुर वर्मा ने कहा कि उन्हें पांच टैंकर दिए गए हैं, लेकिन उनमें से सिर्फ एक ही पानी भर पा रहा है। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि “खाली टैंकर लेकर जनता के बीच कैसे जाएं?”

वहीं नेहरू नगर इलाके में कांग्रेस पार्षद सोनाली मिमरोट और भाजपा पार्षद लालबहादुर वर्मा के बीच तीखी बहस भी हो गई। कांग्रेस पार्षद ने आरोप लगाया कि उनके वार्ड की लाइन में वाल्व लगाकर पानी दूसरे वार्ड की तरफ मोड़ दिया गया है। इस वजह से उनके क्षेत्र में पानी की भारी कमी हो रही है।

नौलखा चौराहे पर नर्मदा पाइपलाइन लीकेज

एक तरफ लोग पानी की एक-एक बूंद के लिए परेशान हैं, वहीं दूसरी तरफ शहर के नौलखा चौराहे पर नर्मदा की बड़ी पाइपलाइन से लगातार पानी बह रहा है। कई दिनों से हो रही लीकेज के कारण हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। नगर निगम के मुताबिक लीकेज सुधारने के लिए कम से कम 24 घंटे का शटडाउन लेना पड़ेगा। इससे नौलखा से हीरानगर तक करीब 34 टंकियों की जल सप्लाई प्रभावित हो सकती है।

शहर में बिना नंबर और बिना निगम स्टीकर वाले टैंकरों से पानी भरने की शिकायतें भी सामने आई हैं। निगम की कार्रवाई के बावजूद मनमानी जारी है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव और निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने बिजलपुर कंट्रोल रूम पहुंचकर अधिकारियों को जल संकट से जुड़ी शिकायतों का तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए।