मूंग खरीदी का मुद्दा गरमाया, MSP की मांग पर भोपाल-होशंगाबाद हाईवे पर किसानों ने डाला डेरा, कृषि मंत्री ने शिवराज सिंह चौहान को लिखा पत्र

मध्य प्रदेश में मूंग खरीदी का मुद्दा अब और गर्मा गया है। दरअसल एक तरफ कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से प्राइस सपोर्ट स्कीम के तहत मूंग खरीदी का लक्ष्य बढ़ाने की मांग की है, वहीं दूसरी ओर किसान भोपाल-होशंगाबाद हाईवे पर डेरा डालकर MSP पर खरीदी की

Jul 28, 2026 - 23:30
मूंग खरीदी का मुद्दा गरमाया, MSP की मांग पर भोपाल-होशंगाबाद हाईवे पर किसानों ने डाला डेरा, कृषि मंत्री ने शिवराज सिंह चौहान को लिखा पत्र

मध्य प्रदेश में मूंग खरीदी का मुद्दा अब और गर्मा गया है। दरअसल एक तरफ कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से प्राइस सपोर्ट स्कीम के तहत मूंग खरीदी का लक्ष्य बढ़ाने की मांग की है, वहीं दूसरी ओर किसान भोपाल-होशंगाबाद हाईवे पर डेरा डालकर MSP पर खरीदी की मांग पर अड़े हैं। किसानों का कहना है कि जब तक पूरी खरीदी नहीं होगी, आंदोलन जारी रहेगा।

दरअसल कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर वर्ष 2026-27 के लिए प्राइस सपोर्ट स्कीम (PSS) के तहत मध्य प्रदेश को 8.06 लाख मीट्रिक टन मूंग खरीदी का लक्ष्य देने का अनुरोध किया है। मंत्री ऐदल सिंह का कहना है कि प्रदेश में इस बार उत्पादन अधिक होने की संभावना है और मौजूदा लक्ष्य किसानों को MSP का पूरा लाभ दिलाने के लिए पर्याप्त नहीं होगा। दूसरी ओर, भोपाल में प्रदर्शन कर रहे किसानों का कहना है कि यदि खरीदी का लक्ष्य नहीं बढ़ाया गया तो हजारों किसानों को अपनी उपज कम कीमत पर बेचने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

मूंग खरीदी लक्ष्य बढ़ाने की मांग क्यों उठी?

दरसल कृषि विभाग के मुताबिक इस साल मध्य प्रदेश में करीब 14.30 लाख हेक्टेयर में ग्रीष्मकालीन मूंग की खेती हुई है। तीसरे अग्रिम अनुमान के अनुसार औसत उत्पादकता 1410 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर रहने का अनुमान है, जिससे कुल उत्पादन लगभग 20.16 लाख मीट्रिक टन तक पहुंच सकता है। पिछले वर्षों के अनुभव के आधार पर सरकार का अनुमान है कि करीब 8 लाख मीट्रिक टन मूंग सरकारी खरीदी के लिए आ सकती है। इसी वजह से राज्य सरकार ने केंद्र से लक्ष्य बढ़ाने की मांग दोबारा की है।

वहीं पत्र में यह भी बताया गया है कि राज्य सरकार ने 14 मई और 3 जुलाई 2026 को संशोधित प्रस्ताव भेजकर 8.06 लाख मीट्रिक टन खरीदी की मांग की थी। हालांकि केंद्र की ओर से फिलहाल 4.54 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य स्वीकृत किया गया है। पिछले साल भी केंद्र ने 4.19 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य दिया था, लेकिन मध्य प्रदेश में 7.72 लाख मीट्रिक टन मूंग खरीदी गई थी। इसी अनुभव को देखते हुए राज्य सरकार का कहना है कि इस बार भी लक्ष्य बढ़ाना जरूरी है, ताकि किसानों को MSP का पूरा लाभ मिल सके और दलहन उत्पादन को बढ़ावा मिले।

भोपाल में किसानों का आंदोलन तेज

दरअसल मूंग खरीदी को लेकर किसानों का आंदोलन भी लगातार तेज होता जा रहा है। भोपाल पहुंचे किसानों ने भोपाल-होशंगाबाद हाईवे पर डेरा डाल दिया है। आंदोलन स्थल पर किसान भोजन के लिए दाल-बाटी तैयार कर रहे हैं, जिससे साफ संकेत है कि वे लंबे आंदोलन की तैयारी के साथ आए हैं। किसानों का कहना है कि उन्होंने “लट्ठ गाड़ दिया है” और जब तक उनकी मूंग की सरकारी खरीदी MSP पर सुनिश्चित नहीं होती, तब तक वे वापस नहीं लौटेंगे।

बता दें कि किसानों की मुख्य मांग है कि सरकार खरीदी का लक्ष्य बढ़ाए और पंजीकृत सभी किसानों से समर्थन मूल्य पर मूंग खरीदे। सरकारी आंकड़ों के अनुसार अब तक मूंग खरीदी के लिए 3.47 लाख किसानों ने पंजीकरण कराया है, लेकिन इनमें से केवल करीब 82 हजार किसानों की उपज ही खरीदी जा सकी है। यही वजह है कि बाकी किसान चिंता में हैं और आंदोलन का दायरा लगातार बढ़ रहा है।

Anand Sahay पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और ब्रेकिंग न्यूज़ तथा राष्ट्रीय खबरों को कवर करने में विशेष रुचि रखते हैं। महत्वपूर्ण घटनाओं का विश्लेषण कर सटीक और भरोसेमंद जानकारी पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।