ड्रग कनेक्शन मामले में जीतू पटवारी का भाई गिरफ्तार, कांग्रेस अध्यक्ष का पलटवार, आवाज दबाने अब कानून का सहारा ले रही सरकार
मध्य प्रदेश के इंदौर में पुलिस ने एक बड़े ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई कुलभूषण उर्फ नाना पटवारी को हिरासत में लिया है। इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी के बाद प्रदेश की सियासत में हड़कंप मच गया है। मामले को लेकर इंदौर के डीसीपी नरेंद्र सिंह
मध्य प्रदेश के इंदौर में पुलिस ने एक बड़े ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई कुलभूषण उर्फ नाना पटवारी को हिरासत में लिया है। इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी के बाद प्रदेश की सियासत में हड़कंप मच गया है। मामले को लेकर इंदौर के डीसीपी नरेंद्र सिंह रावत ने आधिकारिक बयान जारी कर पूरी कार्रवाई का ब्यौरा साझा किया है। दूसरी तरफ, पटवारी पक्ष के एडवोकेट जय हार्डिया ने भी नाना पटवारी के पुलिस के पास होने की बात मीडिया से कही, इस बीच जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है और कार्रवाई को बदले की भावना बताया है।
डीसीपी नरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि यह पूरा मामला इंदौर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। पुलिस को मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर राजेंद्र नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध युवकों को घेराबंदी कर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान इरफान खान उर्फ बोलू चंदेरी और रानी भाई के रूप में हुई है।
पुलिस द्वारा ली गई तलाशी के दौरान इन दोनों आरोपियों के पास से 10.8 ग्राम अवैध मादक पदार्थ ब्राउन शुगर बरामद किया गया।
नाना पटवारी का पुराना अपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर जब प्रारंभिक पूछताछ शुरू की, तो उन्होंने एक चौंकाने वाला खुलासा किया। आरोपियों ने कुबूल किया कि वे जब्त की गई ब्राउन शुगर की यह खेप दो प्रमुख लोगों को सप्लाई करने जा रहे थे, जिनमें से एक नाम नाना पटवारी और दूसरा नाम मानव गंगवानी का है। डीसीपी रावत ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, नाना पटवारी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उनके खिलाफ पहले से ही विभिन्न थानों में 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
वकील बोले पुलिस ने नहीं बताई धाराएँ
इस पूरे घटनाक्रम के बाद नाना पटवारी के वकील जय हार्डिया ने मीडिया के समक्ष इस बात की पुष्टि की है हालांकि इस मामले में उन्हें यह भी कहा कि पुलिस ने किन धाराओं में मामला दर्ज किया है इस बात की जानकारी उन्हें नहीं दी गई है और ना ही मेरे पक्षकार से मेरी मुलाकात करवाई गई है, पूरा घटनाक्रम नाना से मुलाकात के बाद ही स्पष्ट होगा।
जीतू पटवारी बोले BJP बदले की कार्रवाई कर रही
इस गिरफ़्तारी के बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई है, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने X पर लिखा- मुख्यमंत्री जी, इंदौर पुलिस ने मेरे भाई को बगैर सूचना के हिरासत में लेकर यह सियासी संदेश दिया है कि भाजपा अब “बदला” ले रही है। रंजिश इस बात की कि जो भी सत्ता/मुख्यमंत्री के खिलाफ आवाज उठाएगा, उसे दबाने के लिए “कानून” का सहारा भी लिया जाएगा। मैं जानता था कि सरकार की निजी दुर्भावना के चलते मेरे और मेरे परिजनों के खिलाफ झूठी कानूनी कार्रवाइयां जरूर की जायेंगी। फिर दोहरा रहा हूं, कानूनी दबाव/प्रभाव से भरी इस राजनीति से हम न डरेंगे, न झुकेंगे। बल्कि और ज्यादा ताकत से मैदानी लड़ाई लड़ेंगे। इस मामले में राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने भी सरकार पर निशाना साधा है।