इंदौर जू में तैयार किया जा रहा 14-D थिएटर, डिजिटल जंगल का मिलेगा रोमांच, सीएम जल्द करेंगे लोकार्पण
इंदौर चिड़ियाघर आने वाले समय में सिर्फ वन्यजीव देखने की जगह नहीं रहेगा बल्कि यहां आने वाले लोगों को आधुनिक तकनीक से जुड़ा नया अनुभव भी मिलेगा। दरअसल नगर निगम की ओर से जू परिसर में तैयार किए जा रहे 14-D थिएटर का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच चुका है। परियोजना पूरी होने के बाद
इंदौर चिड़ियाघर आने वाले समय में सिर्फ वन्यजीव देखने की जगह नहीं रहेगा बल्कि यहां आने वाले लोगों को आधुनिक तकनीक से जुड़ा नया अनुभव भी मिलेगा। दरअसल नगर निगम की ओर से जू परिसर में तैयार किए जा रहे 14-D थिएटर का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच चुका है। परियोजना पूरी होने के बाद इसे आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। इस नई सुविधा का उद्देश्य मनोरंजन के साथ वन्यजीवों और प्रकृति के बारे में आधुनिक तरीके से जानकारी देना है।
दरअसल बुधवार को महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने जू पहुंचकर निर्माणाधीन 14-D थिएटर का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण एजेंसी से प्रोजेक्ट की जानकारी ली और चल रहे कार्यों का जायजा लिया। महापौर ने कहा कि इंदौर लगातार नई तकनीक और नवाचार को अपनाने में आगे रहा है। इसी सोच के तहत शहर में ऐसा डिजिटल अनुभव तैयार किया गया है, जिससे बच्चों और बड़ों दोनों को कुछ नया देखने और सीखने का अवसर मिलेगा।
जानकारी के मुताबिक 14-D थिएटर में केवल बड़ी स्क्रीन पर फिल्म नहीं दिखाई जाएगी बल्कि दर्शकों को ऐसा अनुभव कराया जाएगा, जिससे उन्हें लगेगा कि वे खुद जंगल के बीच मौजूद हैं। थिएटर में विशेष तकनीक के जरिए बारिश, तेज हवा, पानी की फुहार, जंगल की आवाजें और अलग-अलग तरह के दृश्य महसूस कराए जाएंगे। इसके अलावा रोलर कोस्टर जैसे विशेष इफेक्ट भी इस अनुभव का हिस्सा होंगे।
हर आयु वर्ग के लोग इसका आनंद ले सकेंगे
दरअसल नगर निगम के मुताबिक यहां दिखाई जाने वाली डिजिटल फिल्मों में वन्यजीवों, जंगलों और प्रकृति से जुड़ी जानकारी भी शामिल होगी। इससे बच्चों को मनोरंजन के साथ सीखने का मौका मिलेगा। थिएटर को इस तरह तैयार किया गया है कि हर आयु वर्ग के लोग इसका आनंद ले सकें। आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए दर्शकों को ऐसा अनुभव देने की कोशिश की गई है, जिससे वे खुद को स्क्रीन का हिस्सा महसूस करें। यह सुविधा इंदौर आने वाले पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन सकती है।
डिजिटल एक्सपीरियंस जोन भी विकसित किए गए
वहीं 14-D थिएटर के साथ जू परिसर में डिजिटल गार्डन, डिजिटल भूलभुलैया और डिजिटल एक्सपीरियंस जोन भी विकसित किए गए हैं। इन सभी सुविधाओं का उद्देश्य आधुनिक तकनीक के जरिए लोगों तक प्रकृति और वन्यजीव संरक्षण का संदेश पहुंचाना है। अलग-अलग डिजिटल गतिविधियों के माध्यम से बच्चों और परिवारों को इंटरैक्टिव अनुभव मिलेगा, जिससे उनकी रुचि भी बढ़ेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में किया जाएगा लोकार्पण
इसे लेकर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि परियोजना लगभग पूरी हो चुकी है और केवल कुछ अंतिम तकनीकी कार्य बाकी हैं। यह प्रोजेक्ट पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत तैयार किया गया है। नगर निगम का लक्ष्य है कि लोगों को एक ही स्थान पर मनोरंजन, तकनीक और शिक्षा का बेहतर अनुभव मिले। परियोजना पूरी होने के बाद इसका लोकार्पण मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में किया जाएगा।