MP में मां बगलामुखी मंदिर के चढ़ावे में अनियमितता और अवैध वसूली के आरोप, मंत्री धर्मेंद्र लोधी बोले “दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई”
मध्यप्रदेश के धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र लोधी ने मां बगलामुखी मंदिर में चढ़ावे और अवैध वसूली से जुड़े मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए समिति गठित कर दी गई है और सात दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा
मध्यप्रदेश के धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र लोधी ने मां बगलामुखी मंदिर में चढ़ावे और अवैध वसूली से जुड़े मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए समिति गठित कर दी गई है और सात दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है। साथ ही संबंधित थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के भी निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि भगवान के नाम पर अवैध वसूली करने वाले लोगों का मंदिर प्रबंधन समिति से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग श्रद्धालुओं के साथ ठगी का काम कर रहे हैं और सरकार उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शेगी नहीं।
मां बगलामुखी मंदिर के चढ़ावे में अनियमितताओं के आरोप
आगर मालवा के नलखेड़ा स्थित सिद्धपीठ मां बगलामुखी मंदिर में चढ़ावे, दान राशि और श्रद्धालुओं से अवैध वसूली के आरोप सामने आया है। ये आरोप लगाए गए हैं कि कुछ लोग मंदिर और देवी के नाम पर श्रद्धालुओं से धन वसूल रहे थे और चढ़ावे के प्रबंधन में भी अनियमितताएं हुई हैं। इन आरोपों के बाद मामला राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर चर्चा में आ गया। इस मामले पर जिला प्रशासन ने प्रारंभिक जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित कर दी है।
धर्मेंद्र लोधी ने कहा ‘कठोर कार्रवाई होगी’
इस मामले में धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र लोधी ने तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मामले की जांच के लिए कमेटी गठित करने और सात दिन के अंदर रिपोर्ट पेश करने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा “मां बगलामुखी मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला संज्ञान में आते ही हमने कमेटी बनाई है। इसमें जिला पंचायत सीईओ और नगर पालिका सीएमओ को शामिल किया गया है। एक हफ्ते के अंदर रिपोर्ट आएगी।” उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध वसूली करने वाले लोग मंदिर के आधिकारिक सदस्यों से जुड़े नहीं हैं और वे ठगी का काम कर रहे हैं। धर्मेंद्र लोधी ने कहा कि “ऐसे कालनेमियों को भगवान के नाम पर चंदा वसूली का काम कहीं न कहीं कर रहे हैं। हमारी सरकार इन्हें छोड़ने वाली नहीं है। इन पर कठोर से कठोर कार्रवाई करेंगे। थाने में रिपोर्ट दर्ज करने के भी निर्देश दिए गए हैं। जांच कमेटी तय करेगी कि कौन-कौन लोग इसमें इन्वॉल्व थे।”