Bhopal: 13 जुलाई को एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 3.0, डेटा सेंटर-सेमी कंडक्टर क्षेत्र में निवेश पर होगा मंथन, कई बड़ी कंपनियां होंगी शामिल
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 13 जुलाई 2026 को ‘एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 3.0’ का आयोजन होने जा रहा है। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के तत्वावधान में होने वाले इस कॉन्क्लेव का मुख्य फोकस ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC), डेटा सेंटर और सेमीकंडक्टर सेक्टर में निवेश बढ़ाना है। कार्यक्रम में देश-विदेश की कई नामचीन कंपनियां,
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 13 जुलाई 2026 को ‘एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 3.0’ का आयोजन होने जा रहा है। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के तत्वावधान में होने वाले इस कॉन्क्लेव का मुख्य फोकस ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC), डेटा सेंटर और सेमीकंडक्टर सेक्टर में निवेश बढ़ाना है।
कार्यक्रम में देश-विदेश की कई नामचीन कंपनियां, स्टार्टअप्स, निवेशक और नीति विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम में राज्य सरकार के प्रौद्योगिकी आधारित औद्योगिक विकास के विजन को साझा करेंगे । साथ ही उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और निवेशकों के साथ निवेश व परियोजनाओं के क्रियान्वयन पर वन-टू-वन चर्चा करेंगे।
एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 3.0 प्रदेश में प्रौद्योगिकी आधारित औद्योगिक विकास को नई गति देने के साथ ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर, डेटा सेंटर एवं सेमी कंडक्टर क्षेत्र में निवेश के नए अवसर सृजित करेगी। यह आयोजन प्रदेश को देश के अग्रणी प्रौद्योगिकी निवेश गंतव्यों में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
कौन-कौन होगा एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 3.0 में शामिल
- कॉन्क्लेव में देश-विदेश की अग्रणी कंपनियों, उद्योग संगठनों, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर के संचालकों, डेटा सेंटर डेवलपर्स, सेमीकंडक्टर उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों, निवेशकों और नीति विशेषज्ञों की सहभागिता रहेगी।
- सीटीआरएलएस डेटासेंटर्स, केन्स टेक्नोलॉजीस, फुजियामा पॉवर और न्योबोल्ट लिमिटेड सहित अनेक अग्रणी कंपनियों एवं इको सिस्टम साझेदारों के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
- कॉन्क्लेव स्टार्ट-अप, नवाचार आधारित उद्यमों, इनक्यूबेटर्स और इको सिस्टम से जुड़े विभिन्न संगठनों को भी सहभागिता का मंच प्रदान करेगी।
एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 3.0 का मुख्य फोकस
- मुख्यमंत्री राज्य सरकार के प्रौद्योगिकी आधारित औद्योगिक विकास के विजन को साझा करेंगे । उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ संवाद कर निवेश और परियोजनाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा करेंगे।
- आईआईएसईआर और आईआईएम इंदौर सहित प्रमुख शैक्षणिक एवं अनुसंधान संस्थान नवाचार, अनुसंधान, कौशल विकास और उद्योग-अकादमिक सहयोग को सुदृढ़ बनाने संबंधी अपने विचार साझा करेंगे।
- विभिन्न घोषणाएं, लोकार्पण और रणनीतिक साझेदारियों एवं समझौतों का आदान-प्रदान किया जाएगा, जिससे प्रदेश के प्रौद्योगिकी इको सिस्टम को और अधिक मजबूती मिलेगी।
अबतक के 2 कॉन्क्लेव में क्या हुआ
एमपी टेक ग्रोथ संबंधी पहले 2 कॉन्क्लेव बेहद सफल रहे हैं जिसने प्रदेश में प्रौद्योगिकी निवेश को नई गति प्रदान की है। कॉन्क्लेव 1.0 में 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए, जिनसे लगभग 75 हजार रोजगार के अवसर सृजित हुए। कॉन्क्लेव 2.0 में 12 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्राप्त हुए, जिनसे लगभग 48 हजार रोजगार के अवसर सृजित हुए।
कॉन्क्लेव 3.0 का उद्देश्य इस निवेश यात्रा को नई ऊँचाइयों तक पहुंचाते हुए रणनीतिक प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में उद्योगों की भागीदारी को और सुदृढ़ बनाना है। कॉन्क्लेव 3.0 के दौरान कई बड़े समझौतों (MoUs), रणनीतिक साझेदारियों और नए प्रोडक्ट लॉन्च की उम्मीद है, जिससे मध्य प्रदेश को देश के अग्रणी टेक्नोलॉजी हब के रूप में स्थापित किया जा सके।